Monday 7 September 2015

भारतीय संविधान परिचय


1. भारत जैसे लोकतांत्रिक देश के संविधान द्वारा किन तीन आधारभूत इकाइयों की संस्थापना तथा इनके परस्पर सम्बन्धों की व्याख्या की जाती है?
– 1) विधायिका – Legislature 2) कार्यपालिका – Executory 3) न्यायपालिका – Judiciary

2. विधायिका (Legislature) से क्या तात्पर्य है तथा इसके द्वारा किया जाने वाला सर्वप्रमुख कार्य क्या है?
– विधायिका देश की जनता द्वारा चुने हुए जनप्रतिनिधियों का वैधानिक अधिकार प्राप्त समूह होता है तथा इसका सर्वप्रमुख कार्य कानूनों का निर्माण तथा समय-समय में इनमें संशोधन करना होता है (हमारे संसद सदस्य (MPs) तथा विधानमण्डल के सदस्य (MLAs) विधायिका के तहत आते हैं तथा यह विधेयकों (Legislations or bills) को पारित कर कानूनों का निर्माण करते हैं)

3. कार्यपालिका (Executory) से क्या तात्पर्य होता है तथा इसका सर्वप्रमुख कार्य क्या होता है?
– किसी भी लोकतंत्र में कार्यपालिका का अर्थ जनता द्वारा चुनी गई सरकार (Govt.) से होता है तथा इसका प्रमुख कार्य विधायिका द्वारा बनाए गए कानूनों का अनुपालन करा कर देश में व्यवस्था स्थापित करना होता है।

4. न्यायपालिका (Judiciary) का प्रमुख कार्य क्या होता है?
– न्यायपालिका का सर्वप्रमुख कार्य यह सुनिश्चित करना होता है कि विधायिका द्वारा तैयार कानूनों को कार्यपालिका द्वारा समुचित तरीके से लागू किया जाय (इसके अलावा न्यायपालिका यह भी सुनिश्चित करती है कि विधायिका द्वारा तैयार कानून तथा तत्सम्बन्धी संशोधन संविधान की भावना के अनुसार ही हों)

5. लोकतंत्र में किन तीन इकाइयों को लोकतांत्रिक व्यवस्था के तीन स्तंभ (Three pillars of democracy) कहा जाता है?
– विधायिका, कार्यपालिका और न्यायपालिका

6. प्राय: लोकतांत्रिक व्यवस्था में चौथा स्तंभ (Fourth pillar of Fourth Estate) किसे कहा जाता है?
– प्रेस (Press) यानि पत्रकारिता जगत

7. भारतीय संविधान को तैयार करने के लिए गठित संस्था को किस नाम से जाना जाता है?
– संविधान सभा (Constituent Assembly)

8. भारत के लिए संविधान सभा के सिद्धांत का सबसे पहला दर्शन कहां होता है? – 1895 के स्वराज विधेयक में

9. स्वराज विधेयक किसने तैयार किया था?
– बाल गंगाधर तिलक ने

10. वह व्यक्ति कौन था जिसने ‘स्वराज’ (‘Swaraj’) शब्द का इस्तेमाल सार्वजनिक रूप से सर्वप्रथम किया था?
– दादाभाई नौरोजी (Dadabhai Naoroji)

11. ‘स्वराज’ शब्द, जिसका उपयोग भारतीय राष्ट्रीय आंदोलन में तथा महात्मा गाँधी ने खूब किया था, को प्रतिपादित करने का श्रेय किस व्यक्ति को दिया जाता है?
– स्वामी दयानंद सरस्वती – Swami Dayanand Saraswati (आर्य समाज के संस्थापक)

12. किस व्यक्ति ने भारतीय संविधान के निर्माण के लिए एक संविधान सभा (Constituent Assembly) का निर्माण करने की मांग आधिकारिक तौर पर सर्वप्रथम की थी?
– एम. एन. रॉय – MN Roy (वे भारतीय राष्ट्रीय आंदोलन के एक प्रमुख नेता थे तथा उन्होंने 1934 में संविधान सभा के सिद्धांत का दर्शन कराया था जिसमें भारतीयों को स्थान दिया जाना अपेक्षित था)

13. किस ब्रिटिश योजना ने आधिकारिक रूप से पहली बार स्वीकार किया था कि भारतीय संविधान निर्माण के लिए भारतीयों के प्रतिनिधित्व वाली एक संविधान सभा की व्यवस्था होनी चाहिए?
– 1942 का क्रिप्स मिशन – Cripps Mission (सर स्टैफोर्ड क्रिप्स के नेतृत्व वाले इस मिशन ने प्रस्ताव रखा था कि द्वितीय विश्वयुद्ध की समाप्ति के बाद भारतीय प्रतिनिधियों से युक्त एक संविधान सभा की स्थापना की जायेगी जिसके द्वारा भारतीय संविधान की स्थापना की जायेगी)

14. किस ब्रिटिश योजना ने भारतीय संविधान के लिए संविधान सभा का गठन करने को अपनी मंजूरी प्रदान की थी? – 1946 का कैबिनेट मिशन (Cabinet Mission 1946)

15. संविधान सभा के गठन को मंजूरी प्रदान करने तथा भारतीय स्वतंत्रता का मार्ग प्रशस्त करने वाले कैबिनेट मिशन को यह नाम क्यों दिया गया था?
– क्योंकि इस समिति के तीनों सदस्य ब्रिटिश कैबिनेट (मंत्रिमण्डल) के सदस्य थे

16. कैबिनेट मिशन के तीन सदस्य कौन-कौन थे?
– पैंथिक-लॉरेन्स – Lord Pethick-Lawrence (जो भारतीय मामलों के सचिव थे), ए. वी. अलेक्ज़ेण्डर (A. V. Alexander) और स्टेफोर्ड-क्रिप्स (Sir Stafford Cripps)

No comments:

Post a Comment